Edited By Ramkesh,Updated: 09 Mar, 2026 01:38 PM

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिस ने खुद को भारतीय विदेश सेवा (IFS) का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान के आधार पर सरकारी विभागों को ईमेल भेजकर वीआईपी प्रोटोकॉल हासिल करता था और लोगों से नौकरी व...
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिस ने खुद को भारतीय विदेश सेवा (IFS) का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान के आधार पर सरकारी विभागों को ईमेल भेजकर वीआईपी प्रोटोकॉल हासिल करता था और लोगों से नौकरी व प्रमोशन दिलाने के नाम पर पैसे वसूलता था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन चौहान के रूप में हुई है, जो अवरवा गांव का निवासी है। वह लंबे समय से खुद को आईएफएस अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में ले रहा था।
फर्जी आईडी से भेजता था सरकारी मेल
जांच में सामने आया है कि पवन चौहान फर्जी ईमेल आईडी बनाकर विभिन्न सरकारी विभागों को मेल भेजता था। इन मेल के जरिए वह अपने लिए वीआईपी प्रोटोकॉल जारी कराता था और कई जिलों में अधिकारियों को भ्रमित करता था।
नौकरी और प्रमोशन के नाम पर वसूली
आरोप है कि आरोपी क्षेत्र के युवकों को नौकरी दिलाने और सरकारी कर्मचारियों को प्रमोशन कराने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था। इस तरह वह लंबे समय से लोगों को ठगने का काम कर रहा था।
कई जिलों में कराया प्रोटोकॉल जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुशीनगर सहित अन्य जिलों में भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रोटोकॉल जारी कराया था। इससे वह सरकारी अधिकारी होने का दिखावा कर लोगों पर प्रभाव जमाता था।
जाली दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी प्रोटोकॉल पेपर, जाली पहचान पत्र और कई अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।