Edited By Ramkesh,Updated: 23 Feb, 2026 01:17 PM

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने यौन शोषण के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अगर पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई भी करती है तो वह उसका विरोध नहीं करेंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, “जनता सब देख रही है। झूठ...
वाराणसी: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने यौन शोषण के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अगर पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई भी करती है तो वह उसका विरोध नहीं करेंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, “जनता सब देख रही है। झूठ आखिरकार सामने आ ही जाता है। आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों सच्चाई सामने आएगी।
पूरे समय कैमरों की निगरानी में थे
स्वामी ने दावा किया कि वे पूरे समय कैमरों की निगरानी में थे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में हर जगह CCTV कैमरे लगे हैं और प्रशासन वॉर रूम से मॉनिटरिंग करता है। उनके मुताबिक, “हमारे कैंप के बाहर बस खड़ी थी क्योंकि पुलिस की सख्ती के बाद हम कैंप में दाखिल नहीं हुए। ऐसे में जो कुछ भी हुआ होगा, वह CCTV में रिकॉर्ड हुआ होगा।
गुरुकुल में पढ़ने नहीं आए फिर छात्र से कैसे हो सकता है
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लड़कों का नाम मामले में लिया जा रहा है, वे कभी उनके गुरुकुल में पढ़ने नहीं आए और न ही उनका उनसे कोई संबंध है। स्वामी के अनुसार, वे छात्र हरदोई के एक स्कूल के हैं, जिसकी मार्कशीट केस में जमा की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि “जब वे कभी यहां आए ही नहीं, तो उनके साथ यहां कुछ कैसे हो सकता है?
मामले की जांच जारी
स्वामी ने कथित “सीडी” का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाया कि अगर कोई वीडियो सबूत है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इन सभी सवालों के जवाब देने होंगे। इसके साथ ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “कुछ लोग चोगा पहनकर खुद को हिंदू बताते हैं, लेकिन हिंदुओं के खिलाफ काम कर रहे हैं।”फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस की ओर से आधिकारिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।