Edited By Ramkesh,Updated: 05 Mar, 2026 06:45 PM

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई। इस दौरान महिला का प्रेमी और आरोपी पति...
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई। इस दौरान महिला का प्रेमी और आरोपी पति भी घायल हो गए।
खून से लथपथ महिला का पड़ा रहा शव
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने एक मकान के बाहर खून से लथपथ महिला का शव पड़ा देखा। उसके पास एक युवक घायल अवस्था में बैठा रो रहा था, जबकि कुछ दूरी पर एक अन्य व्यक्ति भी घायल हालत में पड़ा था। यह दृश्य देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 31 वर्षीय आरती को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दोनों व्यक्तियों का इलाज जारी है।
महिला दे चुकी थी प्रेमी को तलाक
पुलिस के मुताबिक मृतका आरती की शादी थाना आरसी मिशन क्षेत्र के रेती मोहल्ला निवासी मनमोहन पांडेय से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है, जो फिलहाल अपने पिता के साथ रहती है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच तलाक हो चुका था। इसके बाद आरती पिछले चार-पांच महीनों से बृज बिहार कॉलोनी निवासी ब्रजदीप के साथ बालाजी नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही थी।
धारदार हथियार से हमला
प्रेमी ब्रजदीप का आरोप है कि होली के दिन आरोपी पति मुखौटा पहनकर रंग लगाने के बहाने घर आया था। गेट खुलते ही उसने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान उस पर भी तेजाब फेंका गया, जिससे वह घायल हो गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।