Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Apr, 2026 10:41 AM

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक ऐसी झकझोर देने वाली खबर आई है, जिसने खेल-खेल में होने वाली छोटी सी चूक को बड़ी त्रासदी में बदल दिया। रानीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज जयरामपुर गांव में रविवार दोपहर एक दो साल की मासूम बच्ची की...
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक ऐसी झकझोर देने वाली खबर आई है, जिसने खेल-खेल में होने वाली छोटी सी चूक को बड़ी त्रासदी में बदल दिया। रानीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज जयरामपुर गांव में रविवार दोपहर एक दो साल की मासूम बच्ची की लुका-छिपी खेलते समय दर्दनाक मौत हो गई। घर के ही दीवान (बेड) के बॉक्स में छिपना बच्ची के लिए काल बन गया।
हंसते-खेलते घर में पसरा सन्नाटा
मिली जानकारी के अनुसार, शाकिर राइन के घर में बच्चे रोजाना की तरह शोर-शराबा करते हुए खेल रहे थे। शाकिर की दो वर्षीय बेटी भी बड़े उत्साह के साथ अन्य बच्चों के साथ लुका-छिपी (Hide and Seek) का आनंद ले रही थी। खेल के दौरान वह अचानक सबकी नजरों से ओझल हो गई। जब काफी देर तक उसकी कोई आहट नहीं मिली, तो परिजनों को चिंता सताने लगी।
CCTV खंगाले, पूरे गांव में मची भगदड़
बच्ची के गायब होने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने घर का कोना-कोना छान मारा, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। अनहोनी की आशंका में पड़ोसियों और ग्रामीणों ने आसपास के बाग-बगीचों और गलियों में भी तलाश शुरू की। यहां तक कि अपहरण के डर से पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची गई, लेकिन बाहर कोई सुराग नहीं मिला।
दीवान खोलते ही चीख पड़े परिजन
घंटों की मशक्कत के बाद जब परिजन वापस घर के अंदर लौटे, तो किसी की नजर कमरे में रखे भारी-भरकम दीवान (बेड) पर गई। जैसे ही बेड का बॉक्स खोला गया, वहां का मंजर देखकर सबकी रूह कांप गई। मासूम बच्ची बॉक्स के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी थी।
मौत की वजह
बताया जा रहा है कि बेड के ऊपर भारी गद्दे और कई रजाई-बिस्तर रखे थे, जिससे बॉक्स पूरी तरह एयर-टाइट हो गया था। आशंका है कि बच्ची छिपने के लिए खुद अंदर घुस गई, लेकिन भारी वजन के कारण ढक्कन नहीं खोल सकी और ऑक्सीजन की कमी (दम घुटने) के कारण उसकी जान चली गई। आनन-फानन में उसे रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।