Edited By Ramkesh,Updated: 26 Mar, 2026 06:28 PM

यूपी के कुशीनगर जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खड्डा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बिहार प्रांत में ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। सालिकपुर चौकी पर पुलिस...
कुशीनगर (अनुराग तिवारी): यूपी के कुशीनगर जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खड्डा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बिहार प्रांत में ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। सालिकपुर चौकी पर पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन, जिसका नंबर UP 11 CT 4910 है, को रोका गया।
जांच के दौरान वाहन में एचडीएफसी बैंक का एक रिफरेंस लेटर मिला, जिसमें बताया गया था कि वाहन में एटीएम मशीनें दरभंगा भेजी जा रही हैं। लेकिन जब पुलिस को शक हुआ और लकड़ी के बड़े-बड़े लैमिनेटेड बॉक्स को खुलवाकर देखा गया, तो अंदर का नज़ारा चौंकाने वाला था।
इन बॉक्सों में एटीएम मशीनों की जगह छिपाकर रखी गई थी भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब। कुल 101 पेटियों में करीब 782 लीटर शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, वाहन की कीमत करीब 10.5 लाख रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर लगभग 17 लाख रुपये का माल बरामद हुआ है।