Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Apr, 2026 12:58 PM

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने की चाहत एक युवक की मौत का सबब बन गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के सुआगाड़ा मोहल्ले में 18 वर्षीय युवक अंश की अवैध...
Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने की चाहत एक युवक की मौत का सबब बन गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के सुआगाड़ा मोहल्ले में 18 वर्षीय युवक अंश की अवैध तमंचे के साथ रील बनाते समय गोली लगने से मौत हो गई। इस खौफनाक मंजर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
'पेट में लग गई भाई...' और थम गईं सांसें
घटना के वक्त अंश अपने दोस्तों के साथ एक मैदान में रील (Reel) शूट कर रहा था। वीडियो में वह हाथ में अवैध असलहा लेकर हवाई फायरिंग का पोज दे रहा था। जैसे ही वह तमंचे को लोड करने की कोशिश कर रहा था, अचानक ट्रिगर दब गया। गोली सीधे अंश के पेट में जा लगी। वीडियो में उसे दर्द से कराहते हुए और यह चिल्लाते हुए सुना जा सकता है कि पेट में लग गई भाई।
दोस्तों की लापरवाही और अस्पताल का चक्कर
गोली लगने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। घबराए दोस्त उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन आरोप है कि उन्होंने परिवार को सही जानकारी नहीं दी और इसे मामूली चोट बताया। हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अंश ने दम तोड़ दिया। एक्सरे रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हुई कि उसे गोली लगी थी।
पुलिस की कार्रवाई और पिता का आरोप
मृतक के पिता अनिल कुमार झा ने कोतवाली सदर में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि अंश के दोस्तों ने समय पर सही जानकारी नहीं दी और लापरवाही बरती। पुलिस की शुरुआती जांच और वीडियो फुटेज से पता चला है कि गोली खुद अंश के हाथ से ही चली थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि 18 साल के युवक के पास 'अवैध तमंचा' कहाँ से आया और इसमें उसके दोस्तों की क्या भूमिका थी। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है।
सोशल मीडिया का खूनी क्रेज
यह घटना युवाओं में रील बनाने के खतरनाक जुनून पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ कुछ सेकंड की शोहरत के लिए अपनी जान जोखिम में डालना और अवैध हथियारों का प्रदर्शन करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी है।