Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Apr, 2026 07:25 AM

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां के चौगड़वा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। हालांकि, इस मामले में मृतका की 4 साल की मासूम बेटी ने जो खुलासा...
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां के चौगड़वा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। हालांकि, इस मामले में मृतका की 4 साल की मासूम बेटी ने जो खुलासा किया है, उसने पुलिस और परिजनों के होश उड़ा दिए हैं। मासूम ने अपने ही पिता पर मां को जिंदा जलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला?
चौगड़वा गांव की रहने वाली 30 वर्षीय सीमा प्रजापति शनिवार की रात अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गई थीं। आनन-फानन में उनके पति राम सूरत प्रजापति उन्हें सीएचसी विक्रमजोत ले गए, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ के मेडिकल कॉलेज (KGMU) में इलाज के दौरान सीमा ने दम तोड़ दिया।
बेटी की जुबानी, खौफनाक कहानी
इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू वह गवाही है, जो सीमा की 4 साल की नन्हीं बेटी ने दी है। बच्ची ने रोते हुए बताया कि पापा ने मम्मी के ऊपर तेल डाल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। बच्ची के इस बयान के बाद मृतका के मायके वालों ने पति राम सूरत पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
विवादों में रही है शादीशुदा जिंदगी
मृतका सीमा की शादी मई 2018 में छावनी क्षेत्र के कोहल तिवारी गांव के निवासी भारत प्रजापति की बेटी के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अनबन इतनी बढ़ गई थी कि दो बार गांव में पंचायत बुलानी पड़ी और थाने में भी समझौता हुआ था। लेकिन सुलह के बाद भी विवाद थमा नहीं और अंततः यह दुखद अंजाम सामने आया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने चौगड़वा गांव स्थित घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतका का पोस्टमार्टम लखनऊ में कराया जा रहा है, ताकि मौत की असल वजह और झुलसने की प्रकृति स्पष्ट हो सके।
अधिकारी का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ (CO) स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल की रात करीब 11 बजे महिला के झुलसने की सूचना मिली थी। लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।