Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Apr, 2026 08:02 AM

Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक घर के अंदर खड़ी की जा रही थार गाड़ी ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। सबसे दुखद बात यह है कि गाड़ी महिला का अपना ही पोता...
Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक घर के अंदर खड़ी की जा रही थार गाड़ी ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। सबसे दुखद बात यह है कि गाड़ी महिला का अपना ही पोता चला रहा था। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देख हर कोई स्तब्ध है।
कैसे हुआ यह भयानक हादसा?
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब महिला का पोता अपनी थार गाड़ी को घर के अंदर पार्क (खड़ी) कर रहा था। बुजुर्ग महिला घर का मुख्य गेट बंद करने के लिए पीछे खड़ी थी। जैसे ही पोते ने गाड़ी को बैक गियर में डाला, गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर तेजी से पीछे की ओर भागने लगी। महिला ने जब काल बनकर आती भारी-भरकम थार को अपनी ओर देखा, तो वह घबरा गई। उसने चिल्लाते हुए गाड़ी को हाथों से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन रफ्तार इतनी तेज थी कि वह खुद को बचा नहीं पाई।
दीवार और थार के बीच पिसीं बुजुर्ग महिला
वीडियो में दिख रहा है कि गाड़ी महिला को घसीटते हुए पीछे ले गई और सीधे दीवार से जा टकराई। गाड़ी और दीवार के बीच बुरी तरह दबने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे एक दुर्घटना मान रही है, लेकिन मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और पोता सदमे में है।