Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Apr, 2026 11:25 AM

Baghpat News: मोबाइल गेम की लत युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य के लिए कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका एक डरावना उदाहरण उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सामने आया है। जहां एक किशोर ने गेम का टास्क पूरा न होने और भाई की डांट से नाराज होकर घर में रखी कपूर की...
Baghpat News: मोबाइल गेम की लत युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य के लिए कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका एक डरावना उदाहरण उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सामने आया है। जहां एक किशोर ने गेम का टास्क पूरा न होने और भाई की डांट से नाराज होकर घर में रखी कपूर की गोलियां खा लीं। किशोर की हालत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल कस्बे की है। यहां शमद नाम का एक किशोर लंबे समय से मोबाइल गेम PUBG का आदी था। वह अक्सर घंटों तक मोबाइल में डूबा रहता था, जिससे उसके परिजन काफी परेशान रहते थे।
चौथे टास्क पर छिड़ा जंग
हादसे वाले दिन शमद अपने मोबाइल पर पबजी गेम का एक विशेष टास्क पूरा करने में जुटा था। उसने सफलतापूर्वक तीन लेवल (टास्क) पार कर लिए थे और चौथे टास्क की ओर बढ़ रहा था। तभी उसके बड़े भाई ने उसे टोका और गेम बंद करने को कहा। जब शमद ने भाई की बात अनसुनी कर दी, तो गुस्से में आकर बड़े भाई ने उसे एक थप्पड़ जड़ दिया और मोबाइल छीन लिया। टास्क अधूरा रह जाने और थप्पड़ की मार से शमद इस कदर आपा खो बैठा कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
कपूर की गोलियां खाकर बिगड़ी हालत
नाराज किशोर ने घर में रखी कपूर की गोलियां निकाल कर निगल लीं। कुछ ही देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं और वह निढाल होकर गिर पड़ा। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसे तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों का बयान
जिला अस्पताल के डॉक्टर शाहिद ने बताया कि किशोर को गंभीर स्थिति में लाया गया था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि उसने कपूर की गोलियां खाई हैं। परिजनों के मुताबिक, मोबाइल गेम खेलने से रोकने और भाई द्वारा थप्पड़ मारे जाने के कारण वह मानसिक तनाव में आ गया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।