Edited By Ramkesh,Updated: 03 Mar, 2026 05:55 PM

रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे प्रशासन ने अयोध्या धाम में दर्शन के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन 5 मार्च को अमृतसर से अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
सहारनपुर: रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे प्रशासन ने अयोध्या धाम में दर्शन के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन 5 मार्च को अमृतसर से अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाड़ी संख्या 04684 अमृतसर–अयोध्या धाम एक्सप्रेस स्पेशल 5 मार्च को दोपहर 2:30 बजे अमृतसर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन जालंधर सिटी, लुधियाना, धुरी जंक्शन, पटियाला और अंबाला कैंट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7:40 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन मुरादाबाद और लखनऊ होते हुए अगले दिन सुबह 10:35 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 7 मार्च की शाम 5:30 बजे अयोध्या धाम से रवाना होगी और उसी मार्ग से होकर वापस अमृतसर पहुंचेगी। इस दौरान सहारनपुर समेत सभी प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा, जिससे यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का संचालन दो ट्रिप के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर मार्ग से गुजरने वाली इस ट्रेन से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे।
गौरतलब है कि होली के त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे पहले ही कई मार्गों पर छह होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर चुका है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को काफी राहत मिल रही है और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिल रही है।