Edited By Anil Kapoor,Updated: 28 Feb, 2026 09:56 AM

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार शाम एक ऐसी घटना घटी जिसने जीटी रोड पर चल रहे राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। एक थार चालक ने पहले पेट्रोल पंप पर दबंगई दिखाई और फिर विरोध करने पर सेल्समैन की जान लेने की...
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार शाम एक ऐसी घटना घटी जिसने जीटी रोड पर चल रहे राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। एक थार चालक ने पहले पेट्रोल पंप पर दबंगई दिखाई और फिर विरोध करने पर सेल्समैन की जान लेने की कोशिश की। आरोपी थार के नीचे फंसी बाइक को करीब 5 किलोमीटर तक घसीटता रहा, जिससे सड़क पर चिंगारियां उठती रहीं।
फ्री में डीजल भरवाकर भागने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, जौली गांव का रहने वाला 22 वर्षीय हर्ष शुक्रवार शाम अपनी थार गाड़ी लेकर रघुनंदन पेट्रोल पंप पहुँचा। उसने गाड़ी की टंकी फुल करवाई और जब पैसे देने की बारी आई, तो ऑनलाइन पेमेंट का बहाना बनाने लगा। जैसे ही सेल्समैन कुलदीप शर्मा स्वाइप मशीन लेने अंदर गया, हर्ष ने गाड़ी दौड़ानी शुरू कर दी।
सेल्समैन को मारी टक्कर, फंसी बाइक लेकर भागा
हिम्मत दिखाते हुए सेल्समैन कुलदीप ने अपनी बाइक उठाई और थार का पीछा किया। चिटहेरा बाईपास के पास जब कुलदीप थार के बराबर पहुँचा, तो आरोपी ने उसे जानबूझकर जोरदार टक्कर मार दी। कुलदीप सड़क पर गिरकर घायल हो गया, लेकिन उसकी बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई। आरोपी ने रुकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार के नीचे फंसी बाइक सड़क से रगड़ खा रही थी और उससे भयंकर चिंगारियां निकल रही थीं। यह खौफनाक मंजर देखकर सड़क पर चल रहे लोगों में दहशत फैल गई।
5 किलोमीटर बाद पुलिस ने दबोचा
करीब 5 किलोमीटर तक बाइक को घसीटने के बाद, आरोपी लुहारली टोल से पहले छौलस गांव की ओर मुड़ने की फिराक में था। हालांकि, तब तक पुलिस को सूचना मिल चुकी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर थार को कब्जे में ले लिया और आरोपी हर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें थार के नीचे फंसी बाइक से निकलती चिंगारियां साफ देखी जा सकती हैं। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी आरके गौतम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और घायल सेल्समैन का इलाज जारी है।