Edited By Pooja Gill,Updated: 06 Dec, 2024 03:52 PM
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जुमे की नमाज के चलते पुलिस अलर्ट मोड में नजर आई। शासन के निर्देशनुसार बरेली जिला प्रशासन के अधिकारी शुक्रवार सुबह पांच बजे शहर की सड़कों पर गश्त करते नजर आए। एसपी सिटी ने भी इस प्रक्रिया में भाग लिया। सड़क पर उतरे...
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जुमे की नमाज के चलते पुलिस अलर्ट मोड में नजर आई। शासन के निर्देशनुसार बरेली जिला प्रशासन के अधिकारी शुक्रवार सुबह पांच बजे शहर की सड़कों पर गश्त करते नजर आए। एसपी सिटी ने भी इस प्रक्रिया में भाग लिया। सड़क पर उतरे अफसरों ने जिले के धर्मस्थलों पर लगे 172 लाउडस्पीकर हटवाए। साथ ही गर्ल्स कॉलेजों के आसपास मंडरा रहे बाइकर्स को भी हिरासत में लिया।
अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की
बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते पुलिस अलर्ट पर रही। तड़के पांच से आठ बजे तक एडीजी रमित शर्मा, आईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत अन्य अधिकारी सड़कों पर गश्त करते नजर आए। शहर में भ्रमण कर रहे अधिकारियों ने मार्निंग वॉक पर निकले लोगों से बातचीत की। इस दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक ने लोगों से भाईचारा, शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील भी की।
लाउडस्पीकरों और वाहनों पर हुआ जोरदार एक्शन
इसके अलावा धार्मिक स्थलों पर अवैध तरीके से लगे लाउडस्पीकरों को उतरवाया गया। साथ ही जितने भी लाउडस्पीकर मानक से अधिक ध्वनि दे रहे थे उनकी आवाज को कम कराया गया। इस दौराम कुल 1768 लाउडस्पीकरों को चेक किया। जिनमें से 590 लाउडस्पीकरों की ध्वनि कम कराई गई। जबकि 172 को उतरवा दिया गया। इतना ही नहीं गांधी उद्यान तिराहे और चौकी चौराहे पर बिना नंबर प्लेट के घूम रहे 39 वाहनों को सीज कर लिया गया। साथ ही गर्ल्स कॉलेजों के बाहर स्टंट कर रहे नौ वाहनों को भी जब्त किया गया। 45 वाहन चालकों का चालान किया गया।