Edited By Pooja Gill,Updated: 04 Jul, 2025 01:31 PM

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दलित युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। यहां पर रोटी मांगने पर मुर्गी फार्म संचालक ने युवक को बंधक बना लिया, इसके बाद सरिये से उसकी पिटाई कर दी...
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दलित युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। यहां पर रोटी मांगने पर मुर्गी फार्म संचालक ने युवक को बंधक बना लिया, इसके बाद सरिये से उसकी पिटाई कर दी। उसने युवक की जमकर पिटाई की और फिर उसके हाथ-पैर और मुंह बांधकर खेत में फेंक दिया। रातभर युवक खेत में पड़ा रहा। सुबह उसे गांव वालों ने देखा और फिर पुलिस को जानकारी दी।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, यह मामला आगरा के बरहन का है। यहां पर नगला गोवर्धन, अहारन निवासी रवि वाल्मीकि गांव-गांव घूम कर लोगों से मांगकर गुजारा करते हैं। बुधवार को वह नगला गोवर्धन और नगला बरी के बीच स्थित मुर्गी फार्म पर गए। आरोप है कि फार्म में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। रवि लोगों से रोटी मांगने लगा। इस पर दबंगों ने उसे पकड़ लिया। उसकी सरिया से पिटाई लगाई। हाथ-पैर बांधने के बाद मुंह बंद कर बाजरे के खेत में फेंक आए।
रातभर खेत में पड़ा रहा पीड़ित
रातभर युवक खेत में पड़ा तड़पता रहा। फिर सुबह जब गांव वाले चारा लेने खेत में गए तो उन्होंने वहां पर युवक को देखा और घायल हालत में उसे अस्पताल भर्ती कराया। जानकारी पर पुलिस भी पहुंची और घायल का मेडिकल कराया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। केस दर्ज होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।