Edited By Pooja Gill,Updated: 27 Nov, 2025 11:35 AM

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में तीन करोड़ लोगों के नाम काटे जा सकते हैं...
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में तीन करोड़ लोगों के नाम काटे जा सकते हैं। इसके लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और चुनाव आयोग बीएलओ पर जल्द से जल्द फॉर्म भरने का प्रेशर डाल रही है। इसी वजह से बीएलओ बड़े लेवल पर अपनी जान गंवा रहे हैं।
'मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाने की साजिश'
सपा प्रमुख का आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान में निहित सोशलिस्ट और सेक्युलर मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर लोकतांत्रिक अधिकारों को खतरे में डाला जा रहा है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वह संविधान में दिए गए वोट के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाने की साजिश रची जा रही है।
'दबाव बनाकर की जा रही मतदाता सूची में छेड़छाड़'
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में करोड़ों मतदाताओं के वोट हटाए जाने की शिकायतें बढ़ रही हैं। अधिकारियों और बीएलओ पर दबाव बनाकर मतदाता सूची में छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इसी दबाव के कारण गोण्डा में एक शिक्षक और फतेहपुर में एक बीएलओ की मौत हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया के लिए समय तीन माह और बढ़ाया जाए, ताकि लोग नए वोट और आवश्यक दस्तावेज सही समय पर जमा कर सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए (पिछड़े-दलित-अल्पसंख्यक) की बढ़ती एकता से घबराई हुई है और इसी कारण मतदाता सूची में हस्तक्षेप किया जा रहा है।