Edited By Anil Kapoor,Updated: 03 Apr, 2026 02:32 PM

Greater Noida: पाकिस्तान से प्यार की खातिर सरहद पार कर भारत आई सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सचिन मीणा और सीमा के घर में किलकारियां गूंजी हैं। सीमा हैदर ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है, जिसके नामकरण ने सोशल मीडिया पर तहलका...
Greater Noida: पाकिस्तान से प्यार की खातिर सरहद पार कर भारत आई सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सचिन मीणा और सीमा के घर में किलकारियां गूंजी हैं। सीमा हैदर ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है, जिसके नामकरण ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। सीमा ने अपने नन्हे राजकुमार का नाम किसी अब्बा या भाई पर नहीं, बल्कि सीधे अपने नए देश के नाम पर भारत रखा है।
पंडित जी ने निकाला नाम, सीमा बोलीं- 'हिंदू धर्म खूबसूरत है'
सीमा हैदर ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि बेटे के नामकरण के लिए पंडित जी को बुलाया गया था। ग्रहों की गणना के बाद पंडित जी ने भ अक्षर निकाला। सीमा और सचिन के परिवार ने काफी सोच-विचार किया और अंत में नाम तय हुआ— भारत। सीमा का कहना है कि भारत से सुंदर नाम पूरी दुनिया में कोई दूसरा नहीं हो सकता। मुझे हिंदू होने पर गर्व है और यह धर्म बहुत खूबसूरत है।
छठी बार मां बनीं सीमा: अब 4 पाकिस्तानी और 2 हिंदुस्तानी बच्चे
आपको बता दें कि सीमा हैदर अब कुल 6 बच्चों की मां बन चुकी हैं। सीमा जब भारत आई थीं, तो अपने पहले पति गुलाम हैदर के 4 बच्चों को साथ लाई थीं। सचिन मीणा के साथ सीमा के अब दो बच्चे हो चुके हैं। पिछले साल 8 मार्च को उन्होंने बेटी को जन्म दिया था, जिसका नाम मीरा रखा गया था। अब 18 फरवरी 2026 को उन्होंने बेटे भारत को जन्म दिया है।
'पाकिस्तान कभी नहीं जाऊंगी, भारत की जीत के लिए करती हूं दुआ'
सीमा हैदर ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें पाकिस्तान छोड़ने का कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के लोग बहुत अच्छे हैं, सब मुझे अपनी बहू मानते हैं और बहुत सम्मान देते हैं। जब भी भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट मैच होता है, तो मैं हाथ जोड़कर भगवान से भारत की जीत की दुआ मांगती हूं। मैं अब यहीं की हूं और यहीं मरना चाहती हूं।
पाकिस्तान में बैठा गुलाम हैदर हुआ आग बबूला
जहां नोएडा में जश्न का माहौल है, वहीं पाकिस्तान में मौजूद सीमा का पहला पति गुलाम हैदर गुस्से में है। इससे पहले जब बेटी मीरा का जन्म हुआ था, तब भी गुलाम ने भारत सरकार से गुहार लगाई थी। गुलाम का कहना है कि वह अपने बच्चों को वापस पाने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेगा। गुलाम का आरोप है कि सीमा अपनी मर्जी से सब कर रही है और उसे बच्चों की कोई फिक्र नहीं है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
सीमा के बेटे का नाम भारत और बेटी का नाम मीरा रखने पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई इसे सच्ची देशभक्ति बता रहा है, तो कोई इसे सीमा का भारत में टिके रहने का मास्टरस्ट्रोक कह रहा है। फिलहाल, सचिन का पूरा परिवार इस नए मेहमान के आने से झूम रहा है।