Edited By Anil Kapoor,Updated: 02 Apr, 2026 07:26 PM

Varanasi News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) एक बार फिर छात्रों के बीच हुए विवाद के कारण चर्चा में है। हिंदी विभाग के एम.ए. द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, गाली-गलौच और मारपीट...
Varanasi News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) एक बार फिर छात्रों के बीच हुए विवाद के कारण चर्चा में है। हिंदी विभाग के एम.ए. द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, गाली-गलौच और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित छात्र प्रशांत मिश्रा (एम.ए. हिंदी, द्वितीय वर्ष) के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वह अपनी कक्षा में शामिल होने के लिए विभाग पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद दूसरे छात्र ने प्रशांत से उनका नाम, जाति और कोर्स के बारे में पूछा। जब प्रशांत ने जानकारी देने के बाद पलटकर सामने वाले से उसका कोर्स पूछा, तो बात बिगड़ गई। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने प्रशांत के साथ तू-तड़ाक करते हुए गाली-गलौच की, थप्पड़ मारा और कथित तौर पर जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस ने की कार्रवाई
प्रशांत मिश्रा ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत पहले विश्वविद्यालय के प्रोक्टोरियल बोर्ड और फिर लंका थाने में की। उन्होंने अपनी तहरीर में बताया कि पूरी घटना विभाग में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड है। उन्होंने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए इसे 'रैगिंग' के नजरिए से भी देखने की अपील की है। प्रोक्टोरियल बोर्ड की संस्तुति पर पुलिस ने सक्रियता दिखाई और आरोपी छात्र हिंमाशु यादव को गिरफ्तार कर लिया। हिमांशु यादव को समाजवादी छात्र सभा का इकाई अध्यक्ष बताया जा रहा है।
पुलिस का पक्ष
एसीपी भेलूपुर, गौरव कुमार ने बताया कि लंका थाने में पीड़ित की तहरीर के आधार पर मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी विवाद और पूछताछ के दौरान गरमाने का लग रहा है। आरोपी के राजनीतिक बैकग्राउंड और अन्य पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
परिसर में सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद BHU कैंपस में छात्रों के बीच आपसी समन्वय और सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। पीड़ित छात्र ने अपने जीवन को खतरा बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से सख्त न्याय की मांग की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके।