Edited By Anil Kapoor,Updated: 17 Mar, 2026 08:48 AM

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से इंसानियत और सरकारी सेवा को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। खुटार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक कर्मचारी ने अस्पताल को ही मयखाना बना डाला। हद तो तब हो गई जब नशे में चूर इस...
Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से इंसानियत और सरकारी सेवा को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। खुटार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक कर्मचारी ने अस्पताल को ही मयखाना बना डाला। हद तो तब हो गई जब नशे में चूर इस कर्मचारी ने डॉक्टर की कुर्सी पर बैठे-बैठे ही अपनी पैंट गीली कर दी। यह शर्मनाक वाकया तब उजागर हुआ जब तड़पते हुए मरीज अस्पताल पहुंचे और वहां का नजारा देखकर दंग रह गए।
छुट्टी के दिन मयखाना बना अस्पताल
मामला रविवार शाम 7 बजे का है। CHC खुटार में तैनात आप्टोमेट्रिस्ट हरिकेश कुमार की उस दिन ड्यूटी नहीं थी, लेकिन वे सेवा के भाव से नहीं बल्कि जाम छलकाने के इरादे से अस्पताल पहुंचे। अपने एक साथी के साथ नेत्र चिकित्सक के चेंबर पर कब्जा जमाया और शराब का दौर शुरू कर दिया। नशा इस कदर चढ़ा कि हरिकेश को होश ही नहीं रहा कि वे कहां बैठे हैं और उन्होंने कुर्सी पर ही पेशाब कर दी।
जब घायलों ने देखा नशेड़ी डॉक्टर का रूप
संयोग से उसी समय एक सड़क हादसे के घायल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों को ढूंढते हुए जब लोग चेंबर में घुसे तो वहां का मंजर देखकर उनका खून खौल उठा। शराब की बदबू और कर्मचारी की हालत देखकर लोगों ने विरोध शुरू किया। लोगों ने जब वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी कर्मचारी हेलमेट लगाकर भागने की कोशिश करने लगा। टोकने पर आरोपी उलटा मरीजों से ही भिड़ गया और लड़खड़ाती जुबान में कहने लगा कि तुम लोग तो मेरे दादा हो, मैं तो आज छुट्टी पर हूं।
पेशाब से गीली पैंट और झूठ का सहारा
वीडियो में साफ दिख रहा है कि कर्मचारी की पैंट पेशाब से पूरी तरह गीली थी। जब लोगों ने इस पर सवाल किया, तो उसने शराब पीने की बात से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, उसका लड़खड़ाना और भागने की कोशिश उसकी पोल खोल रही थी। इस घटना ने स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा और वहां के माहौल पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
CMO का एक्शन- जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलने के बाद जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) विवेक मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इसे बेहद आपत्तिजनक और विभाग की छवि खराब करने वाला कृत्य बताया है। सीएचसी अधीक्षक को मामले की गहन जांच सौंप दी गई है। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट मिलते ही आरोपी हरिकेश कुमार के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।