Edited By Anil Kapoor,Updated: 16 Mar, 2026 07:58 AM

Gorakhpur News: गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके में हुई 23 वर्षीय युवती नेहा की मौत के मामले में पुलिस ने एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने सबको सन्न कर दिया है। जिस पिता ने अपनी बेटी को बचाने के लिए अस्पताल की दौड़ लगाई थी, वही उसका कातिल....
Gorakhpur News: गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके में हुई 23 वर्षीय युवती नेहा की मौत के मामले में पुलिस ने एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने सबको सन्न कर दिया है। जिस पिता ने अपनी बेटी को बचाने के लिए अस्पताल की दौड़ लगाई थी, वही उसका कातिल निकला। पुलिस जांच में पता चला है कि नेहा की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि उसके पिता कमलेश भारती द्वारा की गई ऑनर किलिंग का मामला है।
फिसलकर गिरने की कहानी निकली झूठी
बीते 13 मार्च को हुई इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस और समाज को गुमराह करने की पूरी कोशिश की थी। परिजनों का कहना था कि नेहा फिसलकर दरांती (हंसिया) पर गिर गई थी, जिससे उसकी गर्दन कट गई। इलाज के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। लेकिन जब पुलिस ने नेहा के शरीर पर गहरे जख्मों को देखा, तो उन्हें शक हुआ कि कोई फिसलकर इतनी गहरी चोट नहीं खा सकता।
मोबाइल फोन और बहस बनी मौत की वजह
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी पिता कमलेश भारती टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि नेहा अक्सर किसी लड़के से फोन पर बात करती थी, जिसे लेकर वह काफी नाराज रहता था। घटना वाले दिन (13 मार्च) उसने फिर से नेहा को बात करते देखा, जिसके बाद दोनों में जमकर झगड़ा हुआ। गुस्से में कमलेश ने पहले नेहा को थप्पड़ मारा, लेकिन जब नेहा ने विरोध में हाथ उठाया, तो पिता अपना आपा खो बैठा।
दरांती से गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार
गुस्से में पागल पिता ने कमरे में रखी दरांती उठाई और नेहा की गर्दन पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। लहूलुहान नेहा को छिपाने के लिए आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस की कार्रवाई
चौरी-चौरा के सर्किल ऑफिसर रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी कमलेश भारती को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के चार बच्चे हैं, जिनमें नेहा दूसरे नंबर की बेटी थी। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।