Edited By Pooja Gill,Updated: 28 Mar, 2026 11:07 AM

आगरा: यूपी के आगरा जिले के बमरोली कटारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आठ वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शनिवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया...
आगरा: यूपी के आगरा जिले के बमरोली कटारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आठ वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शनिवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बच्ची की हत्या का आरोपी सुनील (29) फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक घायल
शहर क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त अली अब्बास ने बताया, ''सुनील की तलाश में सिटी जोन की 12 पुलिस टीम के अलावा अन्य पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया था। वह फिरोजाबाद भागने की फिराक में था। रास्ते में उसे रोकने की कोशिश की गई तो उसने गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें एक गोली उपनिरीक्षक विश्वजीत को लगी और वह घायल हो गए।'' उन्होंने कहा, ''पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुनील को भी गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।''
गला रेतकर की बच्ची की हत्या
पुलिस के अनुसार, सुनील ताजगंज थाना क्षेत्र में एक किराए के कमरे में रहता था और मकान मालिक की जूता फैक्टरी में काम करता था। किराए को लेकर उसका बच्ची के चाचा से विवाद हुआ था। उसने बताया कि आरोप है कि 24 मार्च को उसने मकान मालिक की आठ वर्षीय बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी और शव को आटे के कनस्तर में छिपाकर फरार हो गया। काफी समय तक बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस के साथ मिलकर बच्ची की तलाश करता रहा आरोपी
पुलिस अधिकारी ने कहा, ''पुलिस ने भी खोजबीन शुरू की। इस दौरान सुनील भी बच्ची की तलाश में सहयोग करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। बाद में वह अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फरार हो गया।'' उसने बताया कि शक होने पर दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो बच्ची का शव आटे के कनस्तर में मिला। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।