Edited By Anil Kapoor,Updated: 16 Feb, 2026 12:38 PM

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में न्याय के मंदिरों यानी कचहरियों को एक बार फिर दहलाने की धमकी दी गई है। सोमवार को लखनऊ और अयोध्या समेत प्रदेश के 18 जिलों की अदालतों को ईमेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी मिली। इस सूचना के बाद कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में न्याय के मंदिरों यानी कचहरियों को एक बार फिर दहलाने की धमकी दी गई है। सोमवार को लखनऊ और अयोध्या समेत प्रदेश के 18 जिलों की अदालतों को ईमेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी मिली। इस सूचना के बाद कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
दो बार आया ईमेल, बदला गया धमाके का समय
अज्ञात हमलावर की ओर से सोमवार सुबह दो बार धमकी भरे मेल भेजे गए। पहला अलर्ट: सुबह 11:15 बजे धमाका करने की बात कही गई। दूसरा अलर्ट: ठीक एक घंटे बाद आए दूसरे मेल में धमाके का समय बदलकर 12:15 बजे कर दिया गया। जैसे ही यह सूचना प्रशासन तक पहुंची, लखनऊ की वजीरगंज पुलिस, यूपी एटीएस (ATS) और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने पूरे परिसर को घेर लिया। सघन तलाशी के बावजूद अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर चेकिंग अभियान जारी है।
तमिलनाडु और महाराष्ट्र से जुड़ रहे तार
जांच एजेंसियों के रडार पर इस वक्त दक्षिण भारत और महाराष्ट्र के कनेक्शन हैं। शुरुआती तफ्तीश में संकेत मिले हैं कि यह ईमेल तमिलनाडु से भेजा गया है और इसमें महाराष्ट्र का भी कुछ जिक्र है। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को भी इसी तरह का मेल आया था। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद शासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी जांच यूपी एटीएस (UP ATS) को सौंप दी है।
कामकाज प्रभावित, सुरक्षा घेरा सख्त
धमकी के कारण अदालती कामकाज काफी प्रभावित हुआ है। वजीरगंज थाने समेत सभी 18 प्रभावित जिलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की साइबर सेल और एटीएस की टीमें मिलकर इस ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) और इसे भेजने वाले शातिर दिमाग के पीछे की तलाश कर रही हैं।