Edited By Anil Kapoor,Updated: 15 Feb, 2026 03:00 PM

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से महाशिवरात्रि के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पूजा में शामिल होने जा रहे एक दंपति की बाइक अनियंत्रित पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और....
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से महाशिवरात्रि के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पूजा में शामिल होने जा रहे एक दंपति की बाइक अनियंत्रित पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और देखते ही देखते बाइक और पिकअप दोनों आग का गोला बन गए। इस भीषण हादसे में शिक्षक की पत्नी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया।
पूजा में शामिल होने जा रहे थे घर
बरहज थाना क्षेत्र के अमांव गांव के रहने वाले गिरजा शंकर मिश्र सलेमपुर के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उनके पैतृक गांव में विशेष पूजा का आयोजन था। गिरजा शंकर अपनी पत्नी रेनू मिश्रा के साथ बाइक पर सवार होकर गांव के लिए निकले थे। उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतज़ार कर रही है।
आग की लपटों में घिरी पत्नी, बेबस रहा पति
हादसा मगहरा चौराहे के पास हुआ। सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर होते ही बाइक में भीषण विस्फोट हुआ और आग लग गई। टक्कर लगते ही गिरजा शंकर बाइक से दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान तो बच गई लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए। रेनू मिश्रा बाइक और पिकअप के बीच में ही फंस गईं। आग इतनी विकराल थी कि लपटें 10 फीट ऊपर तक उठ रही थीं। रेनू को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में लगे 45 मिनट
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि दमकलकर्मियों को इसे काबू करने में करीब पौन घंटा लग गया। पुलिस ने गिरजा शंकर को तुरंत देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासनिक बयान
सीओ बरहज मनोज कुमार ने बताया कि पिकअप और बाइक की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पिकअप चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।