Edited By Mamta Yadav,Updated: 23 May, 2025 08:44 PM

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में आंधी, बारिश, तूफान से 50 से ज्यादा लोगों की मौतों पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार सिर्फ कागजी घोषणाएं न करें बल्कि पीड़ित परिवारों की सच में मदद करें।
Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में आंधी, बारिश, तूफान से 50 से ज्यादा लोगों की मौतों पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार सिर्फ कागजी घोषणाएं न करें बल्कि पीड़ित परिवारों की सच में मदद करें।
अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले तीन दिनों में प्रदेश के दर्जनों जिलों में आंधी तूफान और बारिश से लाखों की संख्या में लोग प्रभावित हुए। दर्जनों घर गिरे, लोगों के घर-बार उजड़ गये। मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर समेत कई स्थानों पर जल भराव की स्थिति हो गयी। बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। कई दर्जन लोगों की मौत हो गयी।
गौरतलब है कि बुधवार रात को आए तूफान, बारिश और ओलावृष्टि के बाद बृहस्पतिवार शाम चार बजे तक के बीच कम से कम 50 लोगों की मौत हो गयी। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी। राहत आयुक्त कार्यालय के लखनऊ स्थित एकीकृत आपदा नियंत्रण केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, 21 मई की रात आठ बजे से 22 मई 2025 को शाम चार बजे के बीच उत्तर प्रदेश में बारिश और तूफान से संबंधित घटनाओं के कारण कम से कम 50 लोगों की मौत हो गयी। इसके अनुसार 21 और 22 मई की मध्यरात्रि में राज्य के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।
एकीकृत आपदा नियंत्रण केंद्र के मुताबिक कई जिलों में पेड़ गिरने, दीवारों और छतों के ढहने और आकाशीय बिजली गिरने के कारण ये मौतें हुई हैं। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा मौतें कासगंज (पांच), फतेहपुर (पांच), मेरठ (चार) और औरैया (चार) जिलों में हुई। इसके अलावा बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, कन्नौज, कानपुर नगर, एटा, गाजियाबाद, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर, अलीगढ़, हाथरस, चित्रकूट, आंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़ और उन्नाव में भी मौत की खबर है। राहत आयुक्त कार्यालय ने जिला अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को सहायता और अनुग्रह राशि प्रदान करने का निर्देश दिया है।