Edited By Ramkesh,Updated: 05 Mar, 2026 02:23 PM

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में होली के दिन एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। संघावली अहीर थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव में दोस्तों द्वारा होली की दावत पर बुलाए गए 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल...
बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में होली के दिन एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। संघावली अहीर थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव में दोस्तों द्वारा होली की दावत पर बुलाए गए 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बिनौली थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव निवासी अमृत शर्मा को उसके दोस्त समीर ने फोन कर होली की दावत के लिए तितरौदा गांव बुलाया था। अमृत अपने भाई सागर और दोस्तों कार्तिक व बॉबी के साथ वहां पहुंचा था। बताया जा रहा है कि गांव में एक चिकन की दुकान पर चिकन लेने के दौरान किसी बात को लेकर अमृत और समीर व उसके साथियों के बीच कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अमृत के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने अमृत पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी गर्दन, सीने और कमर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अमृत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि अमृत की मां और बहन दुबई में नौकरी करती हैं। बेटे की हत्या की खबर मिलते ही वे भारत लौटने की तैयारी कर रही हैं। अमृत की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।