Edited By Anil Kapoor,Updated: 08 Mar, 2026 12:26 PM

Prayagraj News: क्रिकेट का खुमार जब सिर चढ़कर बोलता है तो उसके रंग भी अलग-अलग रूप में देखने को मिलते हैं। वर्ल्ड कप में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के मुकाबले से पहले संगम नगरी प्रयागराज में क्रिकेट का ऐसा ही अनोखा...
Prayagraj News (सैय्यद आकिब रजा): क्रिकेट का खुमार जब सिर चढ़कर बोलता है तो उसके रंग भी अलग-अलग रूप में देखने को मिलते हैं। वर्ल्ड कप में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के मुकाबले से पहले संगम नगरी प्रयागराज में क्रिकेट का ऐसा ही अनोखा रंग देखने को मिल रहा है। यहां दारागंज क्षेत्र में स्थित चौरसिया पान भंडार इन दिनों क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस पान की दुकान पर इन दिनों पान की गिलौरियों में भी वर्ल्ड कप का स्वाद घुला हुआ है। दुकानदार ने क्रिकेट के लोकप्रिय खिलाड़ियों के नाम पर खास पान तैयार किए हैं, जिन्हें खाने के लिए क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ उमड़ रही है। जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ियों के नाम की गिलौरियां यहां खास तौर पर बनाई जा रही हैं। क्रिकेट फैंस अपने-अपने पसंदीदा खिलाड़ी के नाम का पान खाकर मैच का लुत्फ उठा रहे हैं। कोई बुमराह पान मांग रहा है तो कोई हार्दिक स्पेशल का स्वाद ले रहा है। इस अनोखे प्रयोग ने लोगों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है। मैच से पहले पान की दुकान पर फैंस की भीड़ देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्रिकेट का जुनून किस तरह लोगों के दिलों में बसता है।

दुकानदार का कहना है कि वर्ल्ड कप के दौरान क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए उन्होंने खिलाड़ियों के नाम पर पान तैयार करने की शुरुआत की। शुरुआत में यह एक छोटा सा प्रयोग था, लेकिन देखते ही देखते यह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया। अब हर दिन कई क्रिकेट प्रेमी यहां आते हैं और अपने पसंदीदा खिलाड़ी के नाम की गिलौरी का स्वाद लेते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि देश की भावनाओं से जुड़ा हुआ उत्सव है। जब टीम इंडिया मैदान में उतरती है तो हर कोई अपने-अपने तरीके से टीम को सपोर्ट करता है। प्रयागराज में पान के जरिए दिखाई दे रहा यह क्रेज भी उसी उत्साह की एक झलक है।कुल मिलाकर, वर्ल्ड कप के इस रोमांचक माहौल में प्रयागराज की यह पान की दुकान क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक खास ठिकाना बन गई है, जहां पान की गिलौरी में भी वर्ल्ड कप का मजा लिया जा रहा है।