Edited By Umakant yadav,Updated: 15 Sep, 2021 05:15 PM

उत्तर प्रदेश के बहराइच में सोमवार की सुबह कक्षा चार की स्कूली छात्रा का जबरन अपहरण करने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए अपहर्ता के हाथ में अपने बालों की पिन चुभो दी जिससे वो उसके चंगुल से छूट गई। बच्ची के शोर मचाने पर अपहर्ता...
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच में सोमवार की सुबह कक्षा चार की स्कूली छात्रा का जबरन अपहरण करने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए अपहर्ता के हाथ में अपने बालों की पिन चुभो दी जिससे वो उसके चंगुल से छूट गई। बच्ची के शोर मचाने पर अपहर्ता वहां से फरार हो गया। इस संबंध में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बच्चों की सुरक्षा दुरुस्त किये जाने की मांग की है। वहीं सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले पर स्थानीय लोगों से पूंछतांछ की है लेकिन प्रभारी इंस्पेक्टर ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की तहरीर प्राप्त होने से इनकार किया है।

पूरा मामला बहराइच जिले की नगर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टीलगंज तालाब स्थित प्राथमिक विद्यालय अकबरपुरा का है। जहां कक्षा 4 की छात्रा कविता आज सुबह 7.35 पर अपने घर से स्कूल जा रही थी। उसी दौरान रास्ते में कांग्रेस भवन के समीप एक अज्ञात अपहर्ता ने उसे पकड़ लिया और उसे खींच कर अपने साथ ले जाने लगा, जिस पर छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए अपने बालों की हेयर पिन निकाल कर उसकी कलाई में चुभो दी और शोर मचाना शुरू कर दिया। कलाई में पिन चुभने से अपहर्ता की पकड़ ढीली हो गई और शोर सुनकर वो वहां से फरार हो गया। छात्रा की आवाज सुनने के बाद मौके पर स्कूल के रसोइयां समेत बच्चे व स्थानीय लोग पहुंच गए। इस घटना से स्कूल के बच्चों में दहशत का माहौल कायम हो गया है।

स्कूल की प्रधानाध्यापिका नीलम ने इस संबंध में नगर कोतवाल को शिकायती पत्र देकर घटना से अवगत कराया और बच्चों में बनी दहशत के दृष्टिगत पुलिस से सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है। वहीं नगर कोतवाल हर्षवर्धन सिंह ने इस मामले में अपहरण की घटना से इन्कार किया है। उनका कहना है कि किला मोहल्ले की बच्ची को रास्ते में एक पागल व्यक्ति मिला और उसे लगा कि वो उसे पकड़ने की कोशिश कर रहा है जिस पर उसने ईंट चला कर उसे मार दिया और वह भाग गया। बच्ची ने इस बात की जानकारी स्कूल में दी थी जिस पर स्कूल के लोगों ने कहा कि इसे देख लें जिस पर पुलिस गई थी पूंछतांछ में बच्ची ने बताया कि ये अक्सर दिखाई पड़ता है। बाद में पुलिस ने छानबीन की लेकिन वहां कोई नहीं मिला न ही उस बात की किसी ने पुष्टि की।