Edited By Anil Kapoor,Updated: 09 Feb, 2026 09:20 AM

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का मुरसान कस्बा रविवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। एक तीन साल के मासूम बच्चे की कार से कुचलकर हुई मौत ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ना सिर्फ हाईवे जाम......
Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का मुरसान कस्बा रविवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। एक तीन साल के मासूम बच्चे की कार से कुचलकर हुई मौत ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ना सिर्फ हाईवे जाम किया, बल्कि थाने को निशाना बनाकर पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस को स्थिति संभालने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
कैसे शुरू हुआ बवाल?
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने तीन साल के मासूम को कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से गुस्साए सैकड़ों लोग मुरसान थाने के बाहर जमा हो गए और मथुरा-बरेली राजमार्ग पर जाम लगा दिया। भीड़ की मांग थी कि आरोपी चालक को पुलिस उनके हवाले कर दे।
थाने पर पथराव और लाठीचार्ज
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक, स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ उपद्रवी रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर थाने पर पत्थरबाजी करने लगे। अचानक हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई। हालात हाथ से निकलते देख आसपास के कई थानों की पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा, जिसका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और मौजूदा स्थिति
एसपी ने पुष्टि की है कि हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है और चालक समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, पथराव करने के आरोप में भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान कर रही है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल नियंत्रण में बताया जा रहा है।