Edited By Anil Kapoor,Updated: 21 Mar, 2026 02:22 PM

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने डॉक्टरों से लेकर आम जनता तक को हैरत में डाल दिया है। जहां जिला महिला अस्पताल में एक महिला ने ऐसे जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है जिनके शरीर (धड़) आपस में जुड़े हुए हैं। लेकिन इस...
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने डॉक्टरों से लेकर आम जनता तक को हैरत में डाल दिया है। जहां जिला महिला अस्पताल में एक महिला ने ऐसे जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है जिनके शरीर (धड़) आपस में जुड़े हुए हैं। लेकिन इस अनोखे जन्म की खुशी मातम में बदल गई, क्योंकि बच्चों की मां इस शारीरिक विकृति को देख सदमे में आ गई और उनकी जान चली गई।
ऑपरेशन थियेटर में सन्न रह गए डॉक्टर
सासनी गेट के बिहारी नगर निवासी आकाश कुमार की पत्नी नीरू को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 17 मार्च को जब डॉक्टरों ने ऑपरेशन शुरू किया, तो वे खुद चौंक गए। नीरू ने दो ऐसे बच्चों को जन्म दिया जो धड़ से एक-दूसरे से जुड़े हुए थे। चिकित्सा विज्ञान में इसे एक दुर्लभ जन्मजात विकृति माना जाता है। जैसे ही नीरू को अपने बच्चों की इस हालत के बारे में पता चला, वे गहरे मानसिक सदमे में चली गईं। उनकी तबीयत अचानक इतनी बिगड़ी कि उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद नीरू को बचाया नहीं जा सका।
परिवार में मातम, बच्चों की हालत स्थिर
जहां एक तरफ पत्नी की मौत से आकाश के परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं इन अनोखे बच्चों को लेकर पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। परिजनों के मुताबिक, शरीर से जुड़े होने के बावजूद दोनों बच्चे फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ हैं। बच्चों के भविष्य और उनके शरीर को अलग करने की संभावनाओं को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज में विशेष डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
महज एक केस नहीं, एक परिवार का दर्द
यह मामला सिर्फ डॉक्टरों के लिए एक मेडिकल केस स्टडी नहीं है, बल्कि एक पिता की बेबसी और दो मासूमों के अनिश्चित भविष्य की दास्तां है। लोग इसे कुदरत का न्याय कहें या इंसान की किस्मत, लेकिन एक मां का अपने बच्चों को इस हाल में देख दम तोड़ देना हर किसी की आंखें नम कर रहा है।