Edited By Anil Kapoor,Updated: 01 Mar, 2026 03:02 PM

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी (बख्शी का तालाब) इलाके में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। जहां जीसीआरजी कॉलेज के ठीक सामने स्थित एक बिरयानी की दुकान के डीप फ्रीजर से एक अज्ञात युवक का शव....
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी (बख्शी का तालाब) इलाके में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। जहां जीसीआरजी कॉलेज के ठीक सामने स्थित एक बिरयानी की दुकान के डीप फ्रीजर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह दुकान पिछले चार दिनों से बंद थी।
गमगीन परिवार और बंद दुकान के बीच खौफनाक राज
मिली जानकारी के अनुसार, बिरयानी दुकान के संचालक सनी रावत के पिता का चार दिन पहले निधन हो गया था। परिवार में हुई इस मौत के कारण अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों के चलते सनी ने दुकान बंद कर दी थी। चार दिनों तक दुकान का शटर गिरा रहा, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि बंद दुकान के अंदर फ्रीजर में मौत का राज छिपा है।
शटर खोलते ही मचा हड़कंप
रविवार को जब दुकान मालिक सनी वापस लौटा और काम शुरू करने के लिए डीप फ्रीजर खोला, तो अंदर का मंजर देखकर उसकी चीख निकल गई। फ्रीजर के अंदर एक युवक की लाश पड़ी थी। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शिनाख्त की कोशिश और पुलिसिया जांच
सूचना मिलते ही बीकेटी थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि दुकान बंद होने के दौरान वहां कौन आया था और फ्रीजर तक शव कैसे पहुंचा।
बीकेटी पुलिस का कहना है कि दुकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है और मौत की वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।