Edited By Anil Kapoor,Updated: 01 Mar, 2026 12:31 PM

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने बैंकॉक से आए 2 यात्रियों के पास से भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक वीड...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने बैंकॉक से आए 2 यात्रियों के पास से भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक वीड (High-quality Marijuana) बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 18 करोड़ रुपए आंकी गई है।
थाई एयर एशिया की फ्लाइट से आए थे तस्कर
पकड़े गए दोनों आरोपी थाई एयर एशिया की उड़ान संख्या FD-146 के जरिए बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे थे। DRI की टीम को पहले से ही इन पर शक था। जैसे ही ये दोनों एयरपोर्ट पर उतरे, अधिकारियों ने इन्हें रोककर तलाशी ली। चेकिंग के दौरान उनके पास मौजूद सामान से 12 गुलाबी पॉलिथीन पैकेट मिले, जिन्हें देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
क्या है हाइड्रोपोनिक वीड?
इन पैकेटों की जांच करने पर कुल 18 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। यह साधारण गांजे से कहीं ज्यादा नशीली और महंगी होती है, क्योंकि इसे विशेष रूप से नियंत्रित वातावरण (बिना मिट्टी के) में उगाया जाता है। यही वजह है कि इसकी कीमत करोड़ों में है।
बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद
DRI अधिकारियों ने बताया कि दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को अंदेशा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय गिरोह हो सकता है, जो लखनऊ और आसपास के शहरों में ड्रग्स की सप्लाई करने की फिराक में था।