Edited By Anil Kapoor,Updated: 12 Apr, 2026 12:53 PM

Ghaziabad News: दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। जहां प्रॉपर्टी देखने आई एक महिला को बंधक बनाकर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया। आरोपियों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए...
Ghaziabad News: दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। जहां प्रॉपर्टी देखने आई एक महिला को बंधक बनाकर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया। आरोपियों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए पीड़िता को बेहोशी की हालत में पड़ोसी राज्य राजस्थान के भरतपुर में सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए।
प्लॉट दिखाने के बहाने बिछाया गया जाल
पीड़िता के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से लोनी इलाके में घर बनाने के लिए जमीन तलाश रही थी। इसी दौरान उसका संपर्क विकास और आशु नाम के दो प्रॉपर्टी डीलरों से हुआ। 6 अप्रैल को आरोपियों ने उसे जमीन दिखाने के बहाने गाजियाबाद बुलाया। जब महिला टीलामोड़ क्षेत्र में उनसे मिलने पहुंची, तो आरोपियों ने उसे अपनी कार में बैठा लिया।
कोल्ड ड्रिंक में नशा और चलती कार में हैवानियत
महिला का आरोप है कि कार में बैठने के कुछ देर बाद ही आरोपियों ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। इसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था, जिसे पीते ही महिला बेसुध हो गई। इसके बाद विकास, आशु और उनके एक अन्य साथी ने चलती कार में महिला के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे मरणासन्न हालत में भरतपुर (राजस्थान) की सड़क पर फेंककर भाग निकले।
अस्पताल में खुला राज, राजस्थान पुलिस ने दर्ज की FIR
7 अप्रैल को जब महिला को होश आया, तो वह भरतपुर के एक अस्पताल में भर्ती थी। होश में आने के बाद पीड़िता ने आपबीती सुनाई। राजस्थान पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जीरो एफआईआर दर्ज की। चौंकाने वाली बात यह रही कि 8 अप्रैल को राजस्थान पुलिस ने पीड़िता को गुपचुप तरीके से गाजियाबाद के संजय नगर स्थित कंबाइंड अस्पताल में भर्ती कराया और स्थानीय पुलिस को बिना जानकारी दिए ही वहां से निकल गई।
गाजियाबाद पुलिस ने शुरू की तलाश
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर गाजियाबाद पुलिस सक्रिय हुई। एसीपी शालीमार गार्डन ने बताया कि राजस्थान से ट्रांसफर होकर आई एफआईआर के आधार पर तीन आरोपियों (विकास, आशु और एक अज्ञात) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।