Edited By Anil Kapoor,Updated: 10 Apr, 2026 06:53 AM

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अपनी करवट बदल ली है। पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी और बेमौसम बारिश का दौर अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में अब भीषण गर्मी की शुरुआत...
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अपनी करवट बदल ली है। पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी और बेमौसम बारिश का दौर अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में अब भीषण गर्मी की शुरुआत होने वाली है। अगले एक हफ्ते के भीतर तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को तपन का अहसास होगा।
आसमान से बरसेगी आग, 42 डिग्री तक जाएगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 7 दिनों में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक उछल सकता है। आने वाले दिनों में कई शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है, जिससे दोपहर के समय घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा हाल?
लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 10 और 11 अप्रैल तक पूरे प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी यूपी) में मौसम साफ रहेगा। कड़ी धूप खिलेगी। वहीं धूप के साथ-साथ 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शुष्क हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल 3 दिनों के लिए पूरे प्रदेश को 'ग्रीन जोन' में रखा है, जिसका मतलब है कि अभी बारिश या बिजली गिरने (वज्रपात) का कोई खतरा नहीं है।
इन जिलों में बढ़ेगी तपिश
गोरखपुर से लेकर आगरा तक धूप के तेवर तीखे रहेंगे। मुख्य रूप से इन जिलों में गर्मी का ज्यादा असर दिखेगा उनमें वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ, आगरा, मथुरा, झांसी, बरेली, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, गाजीपुर, और बुंदेलखंड के इलाके (बांदा, महोबा, ललितपुर)। इन सभी जिलों में आज से तापमान में लगातार बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।
15 अप्रैल से फिर बदल सकता है मौसम
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 15 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने वाला है। यह हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। हालांकि, इसके आने तक यूपी के मैदानी इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी जारी रहेगी, जिससे गर्मी का अहसास और गहरा जाएगा।