Edited By Anil Kapoor,Updated: 09 Apr, 2026 01:41 PM

Etawah News: शराब तस्करों ने अब तस्करी के लिए सुरक्षित माने जाने वाले ट्रेनों के एसी फर्स्ट क्लास (H1) कोच को अपना ठिकाना बनाना शुरू कर दिया है। इटावा जंक्शन पर जीआरपी (GRP) पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस में छापेमारी...
Etawah News: शराब तस्करों ने अब तस्करी के लिए सुरक्षित माने जाने वाले ट्रेनों के एसी फर्स्ट क्लास (H1) कोच को अपना ठिकाना बनाना शुरू कर दिया है। इटावा जंक्शन पर जीआरपी (GRP) पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस में छापेमारी की और बिहार के एक पॉलिटेक्निक छात्र को अवैध शराब की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया।
AC कोच में छापा और छात्र की गिरफ्तारी
जीआरपी थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नई दिल्ली से बेगूसराय जा रही ट्रेन संख्या 15484 (महानंदा एक्सप्रेस) के वीवीआईपी कोच में अवैध सामान ले जाया जा रहा है। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर रुकी, पुलिस ने कोच H1 में छापेमारी की। पुलिस ने बेगूसराय के मटिहानी निवासी गौरव कुमार (22 वर्ष) को हिरासत में लिया।
5 बैगों में भरा था मधुशाला का स्टॉक
तलाशी के दौरान पुलिस भी छात्र की तैयारी देखकर हैरान रह गई। गौरव के पास 4 नए पिट्ठू बैग और 1 बड़ा ट्रॉली बैग था। जब इन बैगों को खोला गया, तो इनके भीतर से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 48 अवैध शराब की बोतलें बरामद हुईं। गौरव दिल्ली से यह शराब लेकर बिहार जा रहा था, जहां शराबबंदी लागू है।
आरोपी की सफाई- 'दोस्त ने फंसाया, मुझे कुछ नहीं पता'
पुलिसिया पूछताछ में आरोपी छात्र गौरव ने खुद को बेगुनाह बताया। उसने फिल्मी अंदाज में दलील दी कि वह दिल्ली सिर्फ घूमने गया था। उसके एक दोस्त ने उसकी वापसी की टिकट बुक कराई थी। दोस्त ने ही उसे ये बैग बेगूसराय पहुंचाने के लिए दिए थे। छात्र का दावा है कि चार अनजान लोग ट्रेन में सामान रखकर चले गए थे और वह सो रहा था, इसलिए उसे बैग के अंदर क्या है, इसकी जानकारी नहीं थी।
पुलिस की कार्रवाई
जीआरपी पुलिस ने छात्र की दलीलों को दरकिनार करते हुए उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस दोस्त की भी तलाश कर रही है जिसका नाम गौरव ने लिया है। फिलहाल, पॉलिटेक्निक के इस छात्र को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।