Edited By Anil Kapoor,Updated: 10 Mar, 2026 11:49 AM

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की नानौता पुलिस ने करीब 5 महीने पहले हुए आशु हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका रूबी और उसके पुराने प्रेमी सोनू को गिरफ्तार....
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की नानौता पुलिस ने करीब 5 महीने पहले हुए आशु हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका रूबी और उसके पुराने प्रेमी सोनू को गिरफ्तार किया है। त्रिकोणीय प्रेम संबंध (Love Triangle) के चक्कर में आशु को अपनी जान गंवानी पड़ी।
रुहाड़ा नाले में मिला था शव
यह पूरी कहानी 13 नवंबर 2025 को शुरू हुई थी, जब गंगोह निवासी 30 वर्षीय आशु का शव नानौता के ईदगाह रोड स्थित रुहाड़ा नाले में मिला था। मृतक के भाई सचिन सैनी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस की महीनों की कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के बाद हत्या की परतें एक-एक कर खुलती चली गईं।
पुराना प्रेमी बना कातिल साथी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला रूबी और रंगेल निवासी सोनू के बीच पुराने प्रेम संबंध थे। सोनू की शादी के बाद दोनों के बीच दूरियां आईं, तो रूबी के नजदीकियां आशु से बढ़ गईं। लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब रूबी और सोनू फिर से एक-दूसरे के करीब आ गए। अब आशु उनके रास्ते का कांटा बन चुका था।
शराब पिलाकर नाले में दिया धक्का
पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर 2025 की रात को एक साजिश रची गई। रूबी और सोनू ने आशु को बहाने से रुहाड़ा पुल पर बुलाया। वहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। जब आशु पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो दोनों ने मिलकर उसे पुल से नीचे पानी में धक्का दे दिया। नशे की हालत में पानी में गिरने के कारण आशु खुद को बचा नहीं पाया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
सबूत मिटाने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद रूबी आशु का मोबाइल फोन अपने साथ ले गई और सांगाठेड़ा गांव के पास एक तालाब में फेंक दिया ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके। हालांकि, पुलिस ने मोबाइल बरामद करने की कोशिश की है, लेकिन वह अभी तक नहीं मिल सका है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शादीशुदा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।