Edited By Pooja Gill,Updated: 29 May, 2025 12:09 PM

कानपुर: उत्तर प्रदेश में मानवता एक बार फिर उस समय शर्मसार हो गई, जब सड़क हादसे में घायल भाई बहन पौने घंटे तक तड़पते रहे और लोग खड़े होकर उनका वीडियो बनाते रहे। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं कराया...
कानपुर: उत्तर प्रदेश में मानवता एक बार फिर उस समय शर्मसार हो गई, जब सड़क हादसे में घायल भाई बहन पौने घंटे तक तड़पते रहे और लोग खड़े होकर उनका वीडियो बनाते रहे। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं कराया, जिस वजह से देर हो गई और दोनों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। जानकारी होने पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
तेज रफ्तार लोडर ने स्कूटी को मारी टक्कर
बता दें कि यह घटना कानपुर के कल्याणपुर की है। यहां मसवानपुर निवासी साइकिल व्यापारी मो. शकील की आईआईटी गेट के नजदीक दुकान है। बड़ी बेटी अलशिफा (19) बिल्हौर के आरौल स्थित निजी कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की छात्रा थी। बुधवार को उसकी परीक्षा थी। वह सुबह 5:05 बजे भाई तौहिद (15) के साथ घर से निकली। छोटा भाई उसे कल्याणपुर स्टेशन छोड़ता, जहां से उसे सुबह 5:20 बजे आरौल के लिए ट्रेन पकड़नी थी। स्कूटी अलशिफा चला रही थी। करीब दस मिनट बाद जैसे ही दोनों केस्को सब स्टेशन के पास पहुंचे तभी गलत दिशा से आए तेज रफ्तार लोडर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
40 मिनट बाद पहुंची पुलिस
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। मौका देखकर दोनों फरार हो गए। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिर गए, दोनों दर्द में तड़पने लगे। आसपास को लोग वहां पर जमा हो गए। लेकिन, किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे। घटनास्थल से 100 कदम की दूरी पर दो नर्सिंगहोम हैं। लोगों ने दोनों को वहां तक पहुंचाना भी उचित नहीं समझा। लोग उन्हें तड़पता हुआ देखते रहे। हादसे के करीब 40 मिनट बाद पुलिस आई और उसके बाद एंबुलेंस आई। घायलों को लेकर 6:10 बजे कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन तब तक देर हो गई और दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।