Edited By Anil Kapoor,Updated: 20 Feb, 2026 06:58 AM

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से ऑनर किलिंग जैसी एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक सगे भाई ने अपनी ही बहन की बेरहमी से हत्या कर दी और गुनाह छिपाने के लिए अपहरण की एक फिल्मी कहानी रची। लेकिन पुलिस की सूझबूझ से यह साजिश....
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से ऑनर किलिंग जैसी एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक सगे भाई ने अपनी ही बहन की बेरहमी से हत्या कर दी और गुनाह छिपाने के लिए अपहरण की एक फिल्मी कहानी रची। लेकिन पुलिस की सूझबूझ से यह साजिश चंद घंटों में बेनकाब हो गई।
अपहरण की झूठी कहानी और पिता की शिकायत
घटना उन्नाव के दही थाना क्षेत्र के तारगाव गांव की है। जहां 18 फरवरी को 22 वर्षीय अजय अपनी बहन को लेने के लिए फतेहपुर जिले के कछियनखेड़ा गांव गया था। रात करीब 10:30 बजे अजय अकेला घर लौटा और बदहवास होने का नाटक करते हुए पिता (रामनरेश) को बताया कि रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने उसे कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया और उसकी बहन का अपहरण कर लिया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
पुलिस की सख्ती और सच्चाई का खुलासा
पुलिस को शुरुआत से ही अजय के बयानों पर शक था। जब पुलिस ने अजय से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अजय अपनी बहन को मंदिर दर्शन के बहाने ले गया था। रास्ते में उसने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने घटनास्थल पर सामान बिखेर दिया ताकि पुलिस को लगे कि यहां लूटपाट और जबरन अपहरण हुआ है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से बहन का शव बरामद कर लिया है।
क्यों की बहन की हत्या?
एसपी जयप्रकाश सिंह के अनुसार, अजय ने पूछताछ में बताया कि उसे डर था कि उसकी बहन उसे घर से बेदखल करवा सकती है। संपत्ति या पारिवारिक कलह के इसी डर और असुरक्षा की भावना ने उसे इतना खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी भाई अजय को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में और भी सबूत जुटा रही है ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।