Edited By Ajay kumar,Updated: 21 May, 2024 09:47 AM

उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशी मेनका संजय गांधी के पक्ष में धर्मेंद्र सिंह द्वारा सेमरी महमूदपुर और संतोष सिंह प्रधान द्वारा प्रतापपुर में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश का गौरव बढ़ाने के...
सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशी मेनका संजय गांधी के पक्ष में धर्मेंद्र सिंह द्वारा सेमरी महमूदपुर और संतोष सिंह प्रधान द्वारा प्रतापपुर में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश का गौरव बढ़ाने के लिए नरेंद्र मोदी की सरकार बनाना है। इसके लिए हमें भाजपा के प्रत्याशी को जिताना भी जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि आज प्रदेश में भी जो माफिया हुआ करते थे या तो वह जेल में है या फिर उन्हें अपने कर्मों की सजा मिल गई है। अपराधियों में ऐसा खौफ है कि वह अब जेल से बाहर निकलना भी नहीं चाहते।
स्मृति ईरानी के डर से वह रायबरेली भाग गए राहुल गांधी
उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि 75 वर्ष में कांग्रेस को अपने गढ़ अमेठी में एक नेता भी नहीं मिला जिसको वह अपने घर से चुनाव लड़ा सके। स्मृति ईरानी के डर से वह रायबरेली भाग गए जहां से उनकी हार सुनिश्चित है। बता दें कि कांग्रेस ने इस बार अमेठी सीट से किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारा है। जिनका सीधा मुकाबला केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से है।
मतदान करना आपका संवैधानिक अधिकारः मेनका गांधी
सभा को सांसद मेनका गांधी ने संबोधित करते हुए कहा कि मतदान करना आपका संवैधानिक अधिकार है। अधिकार का प्रयोग करिए और मजबूत सरकार बनाने में अपना योगदान करिए। भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सभा को भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.आरए वर्मा, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय एवं विनोद सिंह ने संबोधित किया।