Edited By Ramkesh,Updated: 21 Mar, 2026 06:00 PM

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शादी के नाम पर ठगी और साजिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर एक परिवार को अपने जाल में फंसा लिया और लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया...
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शादी के नाम पर ठगी और साजिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर एक परिवार को अपने जाल में फंसा लिया और लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
फर्जी इंटरव्यू का वीडियो दिखा कर परिवार का जीता विश्वास
जानकारी के मुताबिक, कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर इलाके के एक परिवार को अपनी बेटी के लिए रिश्ता तलाशते समय इटावा निवासी प्रीतम नामक युवक मिला। आरोपी ने खुद को आईएएस अधिकारी बताते हुए मनिकपुर में तैनाती का दावा किया। भरोसा जीतने के लिए उसने फर्जी इंटरव्यू वीडियो, सरकारी दफ्तरों की तस्वीरें और कुछ नेताओं के साथ फोटो भी साझा किए।
शादी के खर्च के नाम पर लिए 15 लाख रुपए नगद
शुरुआत में बिना दहेज शादी की बात करने वाले आरोपी ने बाद में शादी के खर्च के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी। सगाई में 10 लाख और तिलक में 5 लाख रुपये नकद लिए गए। शादी 11 मार्च 2026 को धूमधाम से संपन्न हुई, जिसमें लड़की पक्ष ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए।
सच्चाई जानकर परिजनों के उड़े होश
विदाई के बाद जब सच्चाई सामने आई तो परिवार के होश उड़ गए। दुल्हन के फोन पर जानकारी मिलने के बाद परिजन इटावा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी को एक कमरे में बंद पाया। आरोपी और उसकी बहन मौके से फरार हो गए।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पहले भी फर्जी पहचान के जरिए दो शादियां कर चुका है और वह दुल्हन को बाहर ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था। मामले में दुल्हन के पिता ने गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।