Edited By Anil Kapoor,Updated: 14 Mar, 2026 09:09 AM

Prayagraj News: मिडिल ईस्ट में हो रही जंग का असर देश का हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इन दिनों रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरें तेजी से फैल रही हैं। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और....
Prayagraj News (सैय्यद आकिब रजा): मिडिल ईस्ट में हो रही जंग का असर देश का हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इन दिनों रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरें तेजी से फैल रही हैं। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और लोग घंटों लाइन में लगकर सिलेंडर लेने का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच सवाल उठ रहा है कि क्या वाकई एलपीजी की कमी हो गई है या फिर यह सिर्फ अफवाहों का असर है। इसी मुद्दे पर Punjab Kesari Ki Baat में ग्राउंड जीरो से सच्चाई जानने की कोशिश की गई।
एजेंसियों पर सुबह से भारी भीड़
सुबह से ही कई गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ देखने को मिली। हाथों में खाली सिलेंडर लिए पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई लोगों का कहना है कि पिछले दो से तीन दिनों से वे लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है। कुछ लोगों ने बताया कि गैस बुक कराने के बाद भी डिलीवरी में देरी हो रही है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
बुकिंग के बाद भी डिलीवरी में देरी
लाइन में लगे लोगों से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि आने वाले दिनों में गैस की किल्लत और बढ़ सकती है। यही वजह है कि लोग पहले से ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर समय पर गैस नहीं मिली तो घर में खाना बनाना मुश्किल हो जाएगा।
किल्लत का डर और पैनिक माहौल
हालांकि सरकार और स्थानीय प्रशासन का भी कहना है कि एलपीजी की सप्लाई लगातार जारी है और लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के मुताबिक ही सिलेंडर बुक कराएं।
अफवाहों से बचें, सप्लाई है जारी
कुल मिलाकर Punjab Kesari Ki Baat की इस ग्राउंड रिपोर्ट में यह सामने आया कि फिलहाल एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं हुई है, लेकिन अफवाहों और बढ़ती मांग की वजह से कई जगहों पर किल्लत जैसा माहौल जरूर बन गया है। ऐसे में जरूरी है कि लोग घबराने के बजाय धैर्य रखें और अफवाहों से दूर रहें, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।