Edited By Purnima Singh,Updated: 31 Mar, 2026 06:24 PM

बाराबंकी जिले में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद मंगलवार को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पीड़ित बबलू राजभर के घर पहुंचे। उन्होंने करीब एक घंटे तक परिवार के साथ समय बिताया, शोक संवेदना व्यक्त की और मामले में कड़ी कार्रवाई का भरोसा...
Barabanki News : बाराबंकी जिले में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद मंगलवार को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पीड़ित बबलू राजभर के घर पहुंचे। उन्होंने करीब एक घंटे तक परिवार के साथ समय बिताया, शोक संवेदना व्यक्त की और मामले में कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। उनके पहुंचने से परिजनों को कुछ सहारा मिला और न्याय की उम्मीद जगी। मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषी को सख्त सजा दिलाने की बात कही। इस दौरान स्थानीय लोग और समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया
गौरतलब है कि शनिवार को दरियाबाद थाना क्षेत्र के पारा बेहटा गांव निवासी बबलू राजभर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान सामने आए घटनाक्रम और परिजनों के आरोपों के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बबलू राजभर अपने परिवार का मुख्य सहारा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों के सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने और शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ-साथ मामले में हो रही कार्रवाई की जानकारी लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है और कोई भी अपराधी बच नहीं सकता।
श्रम मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को की थी मुलाकात
बता दें कि इससे पहले सोमवार को प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे और आर्थिक सहायता व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लगातार जनप्रतिनिधियों के पहुंचने से मामला सुर्खियों में बना हुआ है। जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।