Edited By Ramkesh,Updated: 16 Feb, 2026 07:30 PM

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सेना के जवान की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, आरोपी...
हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सेना के जवान की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमंत ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि थाना सादाबाद क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे स्थित चंद्रा फार्म हाउस के पास सेना के जवान अखिलेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को पहले ही हाथरस पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपियों को हरियाणा पुलिस ने पकड़ा है। अब तक चार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है।