Edited By Anil Kapoor,Updated: 23 Feb, 2026 07:27 AM

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम विशाल रंजन है, जिसे आजमगढ़ से दबोचा गया। पुलिस की जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सबको...
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम विशाल रंजन है, जिसे आजमगढ़ से दबोचा गया। पुलिस की जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया है। यह किसी आतंकी संगठन की साजिश नहीं, बल्कि एकतरफा प्यार में पागल युवक के प्रतिशोध (बदले) की कहानी निकली।
अपमान का बदला लेने के लिए बना डिजिटल अपराधी
जांच के अनुसार, विशाल एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था, जिसकी शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। जलन में आकर विशाल ने मंगेतर के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर अश्लील पोस्ट डाल दी। इस हरकत के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां विशाल को सबके सामने माफी मांगनी पड़ी। इसी सार्वजनिक अपमान का बदला लेने के लिए उसने एक तीर से दो निशाने साधने की सोची—प्रेमिका के मंगेतर को जेल भिजवाना और पंचायत में उसे झुकाने वालों को सबक सिखाना।
हाईटेक तरीके से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
विशाल ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए बेहद शातिर और तकनीकी तरीके अपनाए। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए पेड VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया। वह अपनी लोकेशन बदलने के लिए राह चलते लोगों के वाई-फाई (Wi-Fi) का सहारा लेता था। उसने मंगेतर के नाम से ईमेल आईडी बनाई और जौनपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए 1 लाख रुपये की फिरौती मांगी। उसका मकसद था कि पुलिस मंगेतर को ही आरोपी मानकर गिरफ्तार कर ले।
ATS के हाथ लगे अहम सबूत
एटीएस की टीम ने जब विशाल के ठिकाने पर छापेमारी की, तो उसके पास से तकनीकी गैजेट्स का जखीरा मिला। जिसमें 5 स्मार्टफोन्स और 1 लैपटॉप, 4 एक्टिव सिम कार्ड और 21 हजार रुपये नकद। 50 से ज्यादा ईमेल आईडी और अलग-अलग नामों से बनी 20 फेसबुक आईडी।
अगला निशाना था आजमगढ़ रोडवेज
पुलिस को जांच में पता चला कि विशाल यहीं नहीं रुकने वाला था। उसके डिवाइस से आजमगढ़ रोडवेज को भी उड़ाने की धमकी भरा मैसेज ड्राफ्ट मिला है। साथ ही, उसके फोन से महिलाओं की तस्वीरें और अश्लील कंटेंट भी बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल वह लोगों को परेशान करने के लिए करता था।