Edited By Purnima Singh,Updated: 01 Dec, 2025 08:01 PM

Cyclone Ditwah : चक्रवाती तूफान 'दित्वा' तेजी से तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। तटों की ओर बढ़ते तूफान की आहट से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। जिसके चलते कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है .....
Cyclone Ditwah : चक्रवाती तूफान 'दित्वा' तेजी से तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। तटों की ओर बढ़ते तूफान की आहट से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। जिसके चलते कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। श्रीलंका के पूर्वी तट पर भारी तबाही मचाने के बाद अब भारत इस चक्रवात के प्रभाव में है। श्रीलंका में आए दित्वा ने 150 से अधिक लोगों की जान ले ली है। वहीं बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। वहां से 177 भारतीयों को सुरक्षित निकालकर तमिलनाडु भेजा गया है।
IMD का ताजा अलर्ट (Cyclone Ditwah)
तूफान की तीव्रता फिलहाल एक साइक्लोनिक स्टॉर्म के रूप में बनी हुई है। इसके और अधिक मजबूत होने के संकेत नहीं हैं। IMD के अनुसार, यह तूफान रविवार सुबह तट से 50 किमी और रविवार शाम तक 25 किमी की दूरी से गुजरेगा। 'दित्वा' के चलते तमिलनाडु के चार जिलों में रेड अलर्ट, जबकि पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आंध्र प्रदेश में भी तेज बारिश का अलर्ट
दित्वा के कारण आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज़ बारिश की संभावना जताई गई है। तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में मौजूद है। इसका केंद्र तमिलनाडु-पुडुचेरी तट के बेहद करीब पहुंच चुका है।
पुडुचेरी में चेतावनी फ्लैग फहराया, साइक्लोन की दस्तक
पुडुचेरी में दित्वा पहुंचते ही बंदरगाह पर वार्निंग फ्लैग नंबर-5 फहरा दिया गया। तूफान का केंद्र पास आते ही इलाके में हल्की बारिश शुरू हो गई है। IMD के अनुसार, तूफान 7 kmph की रफ्तार से बढ़ रहा है और आज शाम तक पुडुचेरी-तमिलनाडु तट के बेहद करीब रहेगा। कराईकल और चेन्नई के डॉप्लर वेदर रडार लगातार तूफान की गतिविधि पर नज़र रखे हुए हैं।
पुडुचेरी CM ने जमीन पर स्थिति का लिया जायज़ा, तमिलनाडु में 3 की मौत
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी ने उप्पलम हार्बर बीच जाकर हालात की समीक्षा की। कलेक्टर कुलोथुंगन भी उनके साथ मौजूद रहे। तमिलनाडु में साइक्लोन दित्वा के कारण अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।वहीं थूथुकुडी और तंजावुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। मयिलादुथुराई में बिजली का झटका लगने से एक की मौत हुई है। इसके अलावा 149 मवेशियों की मौत और 234 झोपड़ियों को नुकसान पहुंचा है।