Edited By Ramkesh,Updated: 30 Mar, 2026 07:27 PM

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाओं और ओलावृष्टि के मद्देनजर ऑरेंज अलटर् जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में 29 मार्च से शुरू हुआ बारिश का दौर एक अप्रैल तक...
UP Weather Update: मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाओं और ओलावृष्टि के मद्देनजर ऑरेंज अलटर् जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में 29 मार्च से शुरू हुआ बारिश का दौर एक अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 30 और 31 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा, झोंकों में 50 किमी/घंटा तक) और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, बागपत, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, इटावा, जालौन, झांसी समेत कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा अधिक बताया गया है। वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान घरों में रहें, बिजली उपकरणों को अनप्लग करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा खुले स्थानों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है। कृषि क्षेत्र के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए किसानों को पकी फसलों की जल्द कटाई करने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों को नुकसान हो सकता है।