Edited By Mamta Yadav,Updated: 23 Sep, 2025 10:52 PM

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को मंगलवार सुबह सीतापुर जेल से रिहा कर दिया गया। करीब 23 महीने 4 दिन बाद जेल से बाहर निकले आजम का स्वागत उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, रिश्तेदार अदीब आजम और कई समर्थकों ने किया। जेल प्रशासन ने इस मौके पर कड़ी...
लखनऊ/सीतापुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को मंगलवार सुबह सीतापुर जेल से रिहा कर दिया गया। करीब 23 महीने 4 दिन बाद जेल से बाहर निकले आजम का स्वागत उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, रिश्तेदार अदीब आजम और कई समर्थकों ने किया। जेल प्रशासन ने इस मौके पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
आजम खान पर 111 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से कुछ में उन्हें सजा हो चुकी थी, जबकि बाकी में सुनवाई चल रही है। उनके वकील जुबैर अहमद खान के मुताबिक, पुलिस की ओर से पुराने मामलों में बार-बार नई धाराएं जोड़ने के खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और सभी मामलों में उन्हें जमानत मिल गई।
क्या है पूरा मामला?
आजम खान ने पहली बार 26 फरवरी 2020 को रामपुर कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद उन्हें जालसाजी के एक मामले में सीतापुर जेल भेजा गया था। उनकी पत्नी और बेटे को भी जेल भेजा गया, लेकिन बाद में दोनों को रिहा कर दिया गया। 20 मई 2022 को उन्हें पहली बार जमानत मिली और वे बाहर आए। 18 अक्टूबर 2023 को एक नए केस में सरेंडर किया और दोबारा जेल गए। अब 23 सितंबर 2025 को उन्हें दूसरी बार रिहाई मिली है।
आजम के खिलाफ केसों का लेखा-जोखा
- 111 केस दर्ज, जिनमें:
- 7 मामलों में अंतिम रिपोर्ट लग चुकी है
- 1 में बरी
- 9 केस सपा सरकार में वापस लिए गए
- 6 मामलों में सजा
- बाकी मामलों में सुनवाई जारी
- उनके खिलाफ 1 अक्टूबर को फिर से सुनवाई होनी है, जिसमें कुछ मामलों में जोड़ी गई अतिरिक्त धाराओं पर बहस होगी।
50 महीने की जेल यात्रा – योगी राज में आज़म खान
उत्तर प्रदेश में 2017 में जब से योगी आदित्यनाथ सरकार बनी, तब से आजम खान के खिलाफ मामलों की झड़ी लग गई। कभी रामपुर के 'बादशाह' कहे जाने वाले आज़म पर भूमाफिया होने का ठप्पा लगा और 100 से अधिक केस दर्ज हुए।
पहली गिरफ्तारी: 26 फरवरी 2020
- जेल में रहे: 27 महीने
- रिहाई: 20 मई 2022
- दूसरी गिरफ्तारी: 18 अक्टूबर 2023
- जेल में रहे: 23 महीने 4 दिन
- कुल जेल में बिताया समय: 50 महीने
- योगी सरकार के 8 वर्षों में, आजम खान ने लगभग आधा समय जेल के अंदर बिताया है।