Edited By Ramkesh,Updated: 12 Feb, 2026 08:17 PM

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। बाणगंगा थाना क्षेत्र की एक महिला घर से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर अचानक गायब हो गई, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल थाने...
यूपी डेस्क: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। बाणगंगा थाना क्षेत्र की एक महिला घर से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर अचानक गायब हो गई, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल थाने पहुंचकर महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। एसीपी रुबीना मिजबानी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में महिला के पति और अन्य परिजनों के बयानों में कई बिंदुओं पर विरोधाभास पाए गए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया और महिला की लोकेशन ट्रेस की गई।
तकनीकी जांच में महिला की आखिरी लोकेशन भोपाल में मिली। सूचना के आधार पर इंदौर पुलिस की एक टीम भोपाल पहुंची और महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया। महिला के पास से कुछ सोने-चांदी के जेवर भी बरामद हुए हैं। इसके बाद महिला को इंदौर लाकर पुलिस ने गहन पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह लंबे समय से घरेलू तनाव और पारिवारिक विवाद से जूझ रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान राकेश जाटव नामक युवक से हुई, जो तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ का कार्य करता है। महिला के अनुसार, पूजा-पाठ के बहाने दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां हो गईं। पारिवारिक कलह से परेशान होकर उसने राकेश के साथ जाने का फैसला कर लिया।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं महिला को तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर मानसिक रूप से प्रभावित या बहला-फुसलाकर तो नहीं ले जाया गया। फिलहाल महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और बरामद आभूषणों व नगदी की जांच जारी है। पूरे मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।