Edited By Ramkesh,Updated: 05 Mar, 2026 03:28 PM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के बाद राजनीतिक बयान बाजी तेज हो गई है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के नेता एस.टी. हसन ने नीतीश समेत भाजपा पर हमला बोला है।
लखनऊ: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के बाद राजनीतिक बयान बाजी तेज हो गई है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के नेता एस.टी. हसन ने नीतीश समेत भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि BJP अपना मुख्यमंत्री बनाएगी, इसीलिए ऐसा हो रहा है। डिप्टी चीफ मिनिस्टर कोई बड़ा पद नहीं है; यह उनके हाथ में बस एक रबर-स्टैम्प है और इसमें कोई असली पावर नहीं है।
JDU को खत्म करने की साजिश- तेजस्वी यादव
इसे लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) को खत्म करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने नारा दिया था - '2025 से 30 फिर से नीतीश।
तेजस्वी यादव बोले- नीतीश कुमार को 'हाईजैक' कर ली बीजेपी
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और राजग के घटक दल जानते हैं कि किस प्रकार तंत्र-मंत्र और पूरे सिस्टम का इस्तेमाल कर चुनाव लड़ा गया। उन्होंने कहा, ''उस समय भी हमने कहा था कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को 'हाईजैक' कर लिया है और उन्हें दोबारा कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे। हमने कहा था कि वे छह महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे। भाजपा जिसके साथ भी रही है, उसे बर्बाद करने का काम किया है। भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है।
नीतीश सहित पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र किया दाखिल
आप को बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से पांच उम्मीदवारों ने गुरूवार को राज्यसभा चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल किया। राजग की ओर से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कुमार और मौजूदा राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों पर होगा चुनाव
गौरतलब है कि बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें रिक्त हो हैं। इनमें से दो-दो सीटें जदयू और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की हैं, जबकि एक रालोमो की है। केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश जदयू के मौजूदा सदस्य हैं, जबकि अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता राजद के हैं। रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एक और मौजूदा सदस्य हैं, जिनका कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो जाएगा। इन पांच सदस्यों के कार्यकाल अगले माह समाप्त हो रहे हैं, इसके कारण इन सीटों पर राज्यसभा चुनाव हो रहा है।