Edited By Pooja Gill,Updated: 04 Apr, 2026 11:21 AM

UP News: उत्तर प्रदेश एटीएस ने आज लखनऊ से 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आतंकी पाकिस्तान के हैंडलर्स के निर्देश पर भारत में आगजनी और दहशत फैलाने की...
UP News: उत्तर प्रदेश एटीएस ने आज लखनऊ से 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आतंकी पाकिस्तान के हैंडलर्स के निर्देश पर भारत में आगजनी और दहशत फैलाने की साजिश रच रहे थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए विदेशी नंबरों से जुड़े थे। लखनऊ समेत देश के प्रतिष्ठित संस्थानों, रेलवे संपत्तियों और वाहनों को निशाना बनाने के फिराक में थे।
आतंकियों की पहचान...
आतंकियों की पहचान साकिब उर्फ डेविल, विकास गहलावत उर्फ रौनक, लोकेश उर्फ पपला पंडित और अरबाब के रूप में हुई है। इनके पास से एक ज्वलनशील पदार्थ से भरा कैन, 7 मोबाइल, 24 पंपलेट और आधार कार्ड बरामद हुए हैं। बरामद मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं। उनकी जांच की जा रही है।
लखनऊ में रेलवे सिग्नल को निशाना बनाने की थी योजना
एटीएस के मुताबिक, गिरोह ने लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे सिग्नल बॉक्स और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई थी। उनका मकसद बड़ी दुर्घटना और जनहानि कराना था, जिससे दहशत फैल सके। हालांकि, एटीएस को पहले ही इसकी सूचना मिल गई और टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान और विदेशी नेटवर्क से जुड़ा था गिरोह
एटीएस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी साकिब उर्फ डेविल मेरठ के अगवानपुर गांव का रहने वाला है। वह नाई का काम करता था। सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के हैंडलर्स के संपर्क में आ गया। टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से वह पाकिस्तानी नेटवर्क, कट्टरपंथी समूहों और अफगानिस्तान के कुछ संदिग्ध नंबरों से जुड़ा। जांच एजेंसियों के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल सुरक्षित और गुप्त बातचीत के लिए किया जा रहा था, जिससे देश विरोधी गतिविधियों की योजना बनाई जा सके और उसे अंजाम दिया जा सके।