UP: कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पहुंच रहे लोग, सरकार ने कहा- संयम बरतें...पर्याप्त है स्टॉक

Edited By Pooja Gill,Updated: 27 Mar, 2026 11:15 AM

up long queues at petrol pumps in several districts

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने और संभावित कमी की अफवाहों के चलते गुरुवार को कई जगहों पर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और यातायात तक प्रभावित हुआ...

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने और संभावित कमी की अफवाहों के चलते गुरुवार को कई जगहों पर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और यातायात तक प्रभावित हुआ। यह हालात अयोध्या, अंबेडकर नगर और बहराइच समेत तमाम जिलों ने दिखायी पड़े। प्रयागराज के अलोपीबाग, सिविल लाइंस, करेली और मीरापुर जैसे इलाकों में लोगों ने आधा टैंक भरा होने के बावजूद ईंधन भरवाने के लिए लंबी कतारें लगा दीं। कई जगहों पर लाइनें सड़कों तक फैल गईं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। 

भीड़ संभालने के लिए लेनी पड़ी पुलिस की मदद 
ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही हाल देखने को मिला, जहां पेट्रोल पंप कर्मियों को भीड़ संभालने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी। बहराइच में भी शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में अचानक मांग बढ़ी, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी 121 पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य और पर्याप्त है। 

कई पेट्रोल पंपों पर लग गए 'नो फ्यूल' के बोर्ड
अंबेडकर नगर में हालात कुछ ज्यादा बिगड़े नजर आए, जहां कई पेट्रोल पंपों पर 'नो फ्यूल' के बोर्ड लग गए। बस्कहरी, जलालपुर और जहांगीरगंज जैसे इलाकों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की खबरें आईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पंपों पर दोपहिया वाहनो के लिए 200 रुपये और चारपहिया के लिए 500 रुपये के ईधन की सीमा तय करनी पड़ी। 

20 से 22 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
श्रावस्ती में कंटेनरों में ईंधन भरने पर रोक लगाने से किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिसे बाद में पुलिस ने शांत कराया। लखीमपुर खीरी में भी कुछ पेट्रोल पंपों पर राशनिंग लागू की गई। वहीं कानपुर, फरुर्खाबाद और जालौन में भी इसी तरह की भीड़ देखने को मिली। तेल कंपनियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उनके डिपो में 20 से 22 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। यूपी में करीब 13,168 पेट्रोल पंप संचालित हैं और कहीं भी आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है।       

कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा से भी लोगों में बढ़ी घबराहट 
अधिकारियों के अनुसार, एक निजी कंपनी द्वारा कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा से भी लोगों में घबराहट बढ़ी। हालांकि आगरा में ईंधन आपूर्ति सामान्य रही और वहां ऐसी कोई अफरा-तफरी नहीं देखी गई। प्रशासन और तेल कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संयमित तरीके से ईंधन का उपयोग करें और अनावश्यक भंडारण से बचें। सरकार का कहना है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!