Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 06 Jul, 2022 11:57 AM
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक युवक की विदेश में मामूली विवाद के चलते हत्या कर दी गई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक युवक की विदेश में मामूली विवाद के चलते हत्या कर दी गई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। रोते बिलखते परिजनों ने विदेश मंत्री से मृतक की देह को घर लाने की मांग की है और सांसद में प्रार्थना पत्र सौंपा है।
मामला जिले के थाना क्षेत्र के साखोपार( बहोरापुर ) का है। यहां के निवासी युवक का नाम रोशन पटेल (30) पुत्र राजेंद्र पटेल है , जो अपने घर में अपने 2 भाइयों से बड़ा है। उसके कंधों पर ही पुरे परिवार की जिम्मेदारी थी। जिसे पूरा करने के लिए 3 महीने पहले दुबई गया था। वहां की एक कंपनी में वह मजदूरी करता था। तीन दिन पहले परिवार वालों को उसकी मृत्यु की खबर मिली। मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। उन्होंने मृतक के शव को विदेश से घर लाने के लिए सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
परिवार वालों का कहना है कि जिस कंपनी में मृतक युवक काम करता था, उसने मृतक के शव को बकरीद के बाद भारत भेजने की बात कही है। जिसके बाद परिजनों ने शव को जल्द से जल्द घर भेजने के लिए विदेश मंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
ये है पूरा मामला
विदेश में हुई युवक की मौत का कारण उसका कंपनी में काम करने वालों के साथ आपसी विवाद बताया जा रहा है। कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने जब युवक की मौत की ख़बर उसके परिजनों को दी, तो बताया कि रोशन के साथ बांग्लादेश और पाकिस्तान के दो युवक काम करते थे। रोशन का उनके साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद वह रोशन को किसी सुनसान जगह ले गए, जहां पर उन्होंने उसकी हत्या कर उसकी लाश को रेत में दबा दिया। रोशन के लापता होने पर दुबई पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से सारी जानकारी निकाली और अपराधियों को पकड़कर रोशन का शव बरामद किया।