Edited By Anil Kapoor,Updated: 24 Feb, 2026 08:07 AM

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में खुले नालों ने एक और जिंदगी लील ली है। सिहानीगेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में एक स्कूटी सवार शख्स की नाले में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय शंकर लाल गर्ग के रूप में हुई है। यह...
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में खुले नालों ने एक और जिंदगी लील ली है। सिहानीगेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में एक स्कूटी सवार शख्स की नाले में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय शंकर लाल गर्ग के रूप में हुई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब शंकर लाल अपनी दुकान बंद कर रोजाना की तरह मंदिर जा रहे थे।
लाइट जल रही थी, स्कूटी खड़ी थी और नाले में था मालिक
घटना 22 फरवरी 2026 की रात की है। मोहन नगर की ओर से आ रहे राहगीरों ने रॉयल ग्रीन होटल के पास एक स्कूटी को सड़क किनारे गिरे हुए देखा। स्कूटी की लाइट जल रही थी, जिससे लोगों को शक हुआ। जब पास जाकर देखा गया तो पास के ही गहरे नाले में एक व्यक्ति गिरा हुआ था। राहगीरों ने तुरंत शंकर लाल को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, साथ ही पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही पुलिस टीम एमएमजी (MMG) अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने शंकर लाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई योगेश गर्ग ने शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि शंकर लाल रोजाना दुकान बढ़ाकर कूड़ा फेंकने जाते थे और फिर केशरी माता मंदिर में दर्शन कर घर लौटते थे।
टक्कर नहीं, असंतुलन बना मौत की वजह!
घटनास्थल पर एसीपी और नगर निगम के अधिकारी भी जांच के लिए पहुंचे। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और स्कूटी की जांच की, तो चौंकाने वाली बात सामने आई। स्कूटी की किसी अन्य वाहन से टक्कर नहीं हुई थी।सीसीटीवी फुटेज में भी कोई गाड़ी टकराती नहीं दिखी। स्कूटी पर प्लास्टिक की एक बाल्टी रखी हुई थी, जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा और शंकर लाल सीधे खुले नाले में जा गिरे।
प्रशासन की लापरवाही या महज हादसा?
सड़क किनारे खुले नाले गाजियाबाद में लंबे समय से बड़ी समस्या बने हुए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि आखिर क्यों इन नालों को ढका नहीं जाता? फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है और मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।